माहौल बिगाड़ा तो बनेगी नजीर: होली, रमजान और ईद पर CM योगी का सख्त अल्टीमेटम | The Politics Again
‘माहौल बिगाड़ा तो ऐसी कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी’: होली, रमजान और ईद को लेकर CM योगी का सख्त अल्टीमेटम
द पॉलिटिक्स अगेन डेस्क | लखनऊ | वरुण यादव की रिपोर्ट
आगामी पर्वों और त्योहारों के दौरान उत्तर प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन और पुलिस महकमे को सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि होली, रमजान, नवरोज और ईद के दौरान अगर किसी ने भी शरारतन माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी जो दूसरों के लिए नजीर (उदाहरण) बनेगी।
शनिवार देर शाम आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने आगामी त्योहारों की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम करने को कहा।
“सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की एक भी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आने वाले दिनों में होली, रमजान, नवरोज, बासंतिक नवरात्र के साथ-साथ यूपी बोर्ड की परीक्षाएं भी चल रही हैं।
इस संवेदनशील समय में बीते 5 वर्षों की घटनाओं की समीक्षा कर प्रभावी प्रबंध किए जाएं। अगर प्रदेश में कहीं भी विद्वेष फैलाने वाली घटना होती है, तो सीधे तौर पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
लाउडस्पीकर हटाने और सोशल मीडिया पर निगरानी के निर्देश
सीएम योगी ने ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए:
-
लाउडस्पीकर हटेंगे: मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि धर्मस्थलों पर लगे कानफोड़ू आवाज वाले लाउडस्पीकरों को संवाद और आपसी समन्वय के माध्यम से तत्काल हटाया जाए।
-
सोशल मीडिया की निगरानी: लोकल इंटेलिजेंस को मजबूत करने और सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने को कहा गया है।
-
फेक अकाउंट्स और अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई कर स्थानीय प्रशासन तुरंत उसका खंडन करे।
होली पर नहीं बजेंगे अभद्र गीत
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि होली उल्लास का पर्व है, किसी को आहत करने का नहीं। होलिका दहन केवल सुरक्षित स्थानों पर ही होना चाहिए और इसके लिए पीस कमेटियों की बैठकें अनिवार्य रूप से की जाएं।
साथ ही, उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि होली के दौरान डीजे पर कोई भी अभद्र या फूहड़ गीत-संगीत नहीं बजना चाहिए, जिससे किसी वर्ग या समुदाय को नीचा दिखाने की स्थिति पैदा हो।
परिवहन और बिजली विभाग के लिए कड़े आदेश
त्योहारों पर आम जनता की सुविधा के लिए सीएम योगी ने अन्य विभागों को भी अलर्ट मोड पर रखा है:
-
अतिरिक्त बसें और सख्त चेकिंग: परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। केवल फिट बसें ही सड़क पर उतरेंगी। निजी ऑपरेटरों द्वारा मनमाना किराया वसूलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
-
निर्बाध बिजली आपूर्ति: मार्च महीने में त्योहारों और बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर प्रदेशभर में बिना रोस्टरिंग (कटौती) के 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
-
अवैध शराब पर नकेल: प्रदेश में कहीं भी जहरीली या अवैध शराब न बने और न ही बिके, यह सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश आबकारी और पुलिस विभाग को दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने और निराश्रित गोवंश के संरक्षण को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।












