हरियाणा विधानसभा का सत्र आज, शपथ ग्रहण के बाद होगा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चुनाव
“विधानसभा का सत्र शुरू होने से पहले राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय राजभवन में विधानसभा के 80 वर्षीय विधायक रघुबीर कादियान को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाएंगे। उसके बाद कादियान 11 बजे जिलेवार एक-एक करके सभी विधायकों को शपथ ग्रहण करवाएंगे”
चंडीगढ़ 25 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
हरियाणा विधानसभा सभा का एक दिवसीय सत्र शुक्रवार 25 अक्तूबर को होगा। प्रोटेम स्पीकर रघुबीर कादियान विधायकों को शपथ ग्रहण करवाएंगे। उसके बाद स्पीकर व डिप्टी स्पीकर का चुनाव होगा।
बहुमत होने की वजह से भाजपा के 48 विधायकों में से स्पीकर व डिप्टी स्पीकर का चुना जाना तय है। भाजपा ने सभी विधायकों को दस बजे विधानसभा में बुलाया है। उसी दौरान स्पीकर व डिप्टी स्पीकर के नाम पर सहमति बनाई जाएगी।
विधानसभा का सत्र शुरू होने से पहले राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय राजभवन में विधानसभा के 80 वर्षीय विधायक रघुबीर कादियान को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाएंगे।
उसके बाद कादियान 11 बजे जिलेवार एक-एक करके सभी विधायकों को शपथ ग्रहण करवाएंगे। इसमें भाजपा के 48, कांग्रेस के 37, इनेलो के दो और निर्दलीय तीन विधायक हैं।
40 विधायक पहली बार सदन में पहुंचे हैं। शपथ ग्रहण में करीब दो घंटे का समय लग सकता है। उसके बाद स्पीकर व डिप्टी स्पीकर पद के लिए भाजपा विधायकों की ओर से नाम रखा जाएगा।











